तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह को गिरफ्तारी के कुछ घंटों के भीतर जमानत दे दी गई। एक अदालत ने उनकी रिमांड वापस कर उन्हें उनकी रिहाई का आदेश दिया है। इससे पहले पैगंबर मोहम्मद पर कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में टी राजा सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। उन्हें मंगलवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार किया था।हालांकि गिरफ्तारी के दौरान दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 41 का पालन नहीं किए जाने के बाद अदालत ने उनकी रिहाई का आदेश दिया।

टी राजा सिंह को चेतावनी के साथ रिहा कर दिया गया। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेलंगाना के अपने विधायक टी राजा सिंह को इस्लाम के खिलाफ की गई एक विवादास्पद टिप्पणी के मामले में मंगलवार को पार्टी से निलंबित कर दिया। साथ ही पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर यह भी पूछा कि क्यों ना उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाए।