गिरफ्तार किए गए आरोपी चोरी करने के बाद गाड़ियों को बेचते नहीं थे, बल्कि किसी के यहां परिजनों की बीमारी का बहाना बनाकर गिरवी रख देते थे।
अतरसुइया पुलिस ने अंतराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 17 बाइकें बरामद की गई हैं। यह सभी बाइकें शहर के अलग-अलग इलाकों से चुराई गई थीं।
गिरफ्तार बदमाशों में सोनू निषाद, बब्बी निवासी मदारीपुर करेली व गुड्डू निषाद, अजय निवासी कटइया सरायअकिल कौशाम्बी शामिल हैं। अतरसुइया एसओ योगेश प्रताप सिंह, एसआई अरविंद कुमार व अन्य ने शनिवार रात नुरुल्लाहरोड पर रसूलपुर की तरफ से आ रहे दो बाइक पर सवार चार लोगों को रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगेे।
दौरान वह गिर गए जिस पर उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया गया। जांच पड़ताल में दोनों बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली। थाने लाकर सख्ती से पूछताछ करने पर पता चला कि चारों अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं। गुड्डू ने बताया कि इस गैंग में पकड़े गए लोगों के अलावा उसका मामा राजकुमार व मदारीपुर निवासी गोलू यादव भी शामिल हैं।
अभियुक्तों की निशानदेही पर नौ बाइकें दरियाबाद कब्रिस्तान, चार बाइकें गोलू व दो बाइकें राजकुमार के घर से बरामद की गईं। बताया कि शहर के अलावा उन्होंने रीवा मप्र में भी घटनाएं अंजाम दीं।











