प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपातकाल-विरोधी आंदोलन का नेतृत्व करने वाले समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण और भारत रत्न से सम्मानित विचारक नानाजी देशमुख की जयंती पर शुक्रवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश के प्रति उनके योगदान की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘लोकनायक जयप्रकाश नारायण को उनकी जयंती पर मेरी आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। उन्होंने देश और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व और आदर्श हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।’
पीएम ने नानाजी देशमुख को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, ‘भारत रत्न नानाजी देशमुख को उनकी जयंती पर देशवासियों की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि। देश के ग्रामीणों, विशेषकर वंचित समाज के सशक्तीकरण के लिए उनके समर्पण और सेवा भाव को हमेशा याद किया जाएगा।’
‘जेपी’ और लोकनायक के नाम से लोकप्रिय जयप्रकाश नारायण का जन्म 1902 में आज ही के दिन हुआ था। वहीं देशमुख का जन्म आज ही के दिन 1916 में हुआ था।
झारखंड : पुलिस ने मुठभेड़ में दो नक्सली मार गिराए
रांची से करीब 170 किलोमीटर दूर गणियोत्री जंगल में पुलिस मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए। दोनों नक्सलियों की पहचान प्रतिबंधित टीएसपीसी के सब-जोनल कमांडर हरेंद्र गंझू और उसके सहयोगी ईश्वर गंझू के रूप में हुई है। एक अन्य नक्सली गोपाल गंझू को घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक एके-47 राइफल, एक देसी कट्टा, तीन कारतूस, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए। झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने हरेंद्र गंझू (जिसे रामदास भोगता और नेताजी समेत कई अन्य नामों से भी जाना जाता है) और ईश्वर गंझू उर्फ घुटारी गंझू के मारे जाने की पुष्टि की। दोनों चतरा जिला बल के दो जवानों सुखन राम और सिकंदर सिंह की घात लगाकर हत्या करने में शामिल थे। हरेंद्र गंझू के खिलाफ 48, जबकि ईश्वर गंझू के खिलाफ एक दर्जन मामले दर्ज थे।
गोवा में समुद्र तट पर नाव पलटी, 12 पर्यटकों को बचाया गया
गोवा के बागा समुद्र तट पर गुरुवार को एक नाव पलट गई। हालांकि इसमें बैठे 112 पर्यटकों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया। पर्यटन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नाव पंजीकृत नहीं थी और उसके पास जल क्रीड़ा गतिविधियों के अनुमति भी नहीं थी। पर्यटक तेलंगाा और आंध्र प्रदेश से थे। नाव दोपहर करीब 2.50 बजे तेज लहरों के कारण समुद्र में सौ मीटर की दूरी पर पलट गई थी।
केंद्र ने तेलंगाना में कार्यरत एआईएस अधिकारियों आंध्र प्रदेश लौटने का आदेश दिया
केंद्र सरकार ने अखिल भारतीय सेवा (एआईएस) के उन अधिकारियों को आंध्र प्रदेश जाने के लिए कहा है, जो आंध्र प्रदेश के लिए नियुक्त किए गए थे, लेकिन तेलंगाना में काम कर रहे थे। यह आदेश कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने जारी किया है।
इन आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को आंध्र प्रदेश के लिए नियुक्त किया गया था। हालांकि, वह आंध्र प्रदेश के विभाजन के समय केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण के आदेश पर तेलंगाना में काम कर रहे थे। बाद में केंद्र ने केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण के आदेश के खिलाफ तेलंगाना उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी।
मणिपुर संकट के समाधान के लिए केंद्र ने की महत्वपूर्ण बैठक: एन बीरेन सिंह
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने कहा कि केंद्र ने राज्य में जारी जातीय संकट के समाधान के लिए महत्वपूर्ण बैठके हैं। हालांकि उन्होंने बैठकों का विवरण साझा नहीं किया। सिंह ने कहा कि समूहों के बीच गलतफहमियों को दूर करने और बातचीत शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं और सामूहिक प्रयासों के कारण धीरे-धीरे शांति लौट रही है।
कर्नाटक सरकार में कोविड-19 ‘घोटाले’ की जांच करेगी एसआईटी
कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को कोरोना महामारी के दौरान उपकरण और दवाओं की खरीद में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए जस्टिस माइकल डी कुन्हा आयोग की रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई करने के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) और मंत्रिमंडल की उपसमिति का गठन करने का फैसला लिया है। यह फैसला मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। इस आयोग ने 31 अगस्त को रिपोर्ट पेश की थी, जिसमें 11 खंड शामिल हैं। रिपोर्ट में 7,223.64 करोड़ रुपये के खर्च की पड़ताल की गई। बाद में कानून और संसदीय मामलों के मंत्री एच.के. पाटिल ने पत्रकारों से कहा कि आयोग ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इतनी बड़ी का दुरुपयोग हुआ है। हालांकि, उन्होंने कहा कि आयोग ने 500 करोड़ रुपये की वसूली की सिफारिश की है।
सामान्य से 1.54 डिग्री अधिक गर्म रहा सितंबर
भारत सहित दुनिया का तापमान नए रिकाॅर्ड बना रहा है। इसी कड़ी में सितम्बर 2024 का महीना जलवायु इतिहास का अब तक का दूसरा सबसे गर्म महीना रहा। यह औद्योगिक काल 1850 से 1900 से पहले की तुलना में 1.54 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। कॉपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विस (सी3एस) ने अपने ताजा रुझानों में इसकी पुष्टि की है। शोधकर्ताओं ने चिंता जताई कि बढ़ते तापमान से मौसम चक्र बिगड़ने का गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। सी3एस के अनुसार वर्ष 2023 में अब तक का सबसे गर्म सितम्बर का महीना दर्ज किया गया था। शोधकर्ताओं ने कहा, कभी अक्तूबर माह में गुलाबी सर्दियों का आगमन शुरू हो जाता था, लेकिन अब भी मौसम काफी गर्म है। इसका एहसास लोगों को भी हो रहा है। सितंबर 2024 में वैश्विक स्तर पर सतह का औसत तापमान 16.17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ऐसे में यदि 1991 से 2020 के बीच सितंबर में दर्ज औसत तापमान से तुलना की जाए तो पिछले महीने तापमान 0.73 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
विमान में किया यौन उत्पीड़न, सेल्स एग्जीक्यूटिव गिरफ्तार
दिल्ली-चेन्नई इंडिगो फ्लाइट में सामने की सीट पर बैठी महिला यात्री को अनुचित तरीके से छूने के आरोप में सेल्स एग्जीक्यूटिव राजेश शर्मा (43) को गिरफ्तार किया गया है। घटना बुधवार की है।मीनांबक्कम में हवाईअड्डे से जुड़े ऑल वूमेन पुलिस स्टेशन की अधिकारी ने बताया, महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि जब वह सो रही थी तो उसके पीछे वाली सीट पर बैठे आरोपी ने उसे गलत तरीके से छुआ। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी राजेश शर्मा मूल रूप से राजस्थान का है, लेकिन वह कई सालों से चेन्नई में रह रहा है। चेन्नई हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद महिला यात्री पुलिस में शिकायत दर्ज कराना चाहती थी, इसलिए हमारे स्टाफ ने उसकी मदद की।
सूरत: सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी की हिरासत में मौत
गुजरात के सूरत जिले में एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों में से एक शिवशंकर की बृहस्पतिवार को पुलिस हिरासत में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। हत्या और चोरी के मामलों में नामजद शिवशंकर चौरसिया (45) और मुन्ना पासवान (40) को 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार किया गया था।
एअर इंडिया ने एयरबस को 85 और विमानों का दिया ऑर्डर
एअर इंडिया ने एयरबस को 85 और विमानों का ऑर्डर दिया है। दरअसल, एयरलाइन अपने परिचालन का विस्तार करने पर काम कर रही है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि 85 विमानों में से 75 नैरो-बॉडी ए-320 और 10 वाइड-बॉडी ए-350 विमान हैं। बता दें कि फरवरी 2023 में एअर इंडिया ने एयरबस और बोइंग को 470 विमानों के लिए ऑर्डर दिया था।
शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड लागू, जींस-टीशर्ट पर लगाई रोक
बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के लिए अब नया ड्रेस कोड लागू हो गया है। इसके तहत उन्हें जींस- टीशर्ट पहनने की मनाही है। शिक्षा विभाग के बुधवार को जारी निर्देशों के अनुसार, शिक्षको को अब फॉर्मल ड्रेस में ही स्कूल आना होगा। इसके अलावा, स्कूलों में डीजे, डांस और रील बनाने जैसी गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
तुमकुर में दशहरा को मनाया जा रहा खास तरीके से, विंटेज कार शो का हुआ आयोजन
दशहरे से पहले तुमकुरु दशहरा उत्सव 2024 के हिस्से के रूप में बेंगलुरु में विधान सौधा के सामने एक विंटेज कार शो का आयोजन किया गया। दिल्ली में कर्नाटक के विशेष प्रतिनिधि टीबी जयचंद्र कहते हैं, ‘इस साल, तुमकुर में जिला प्रशासन ने दशहरा को अलग तरीके से मनाने का फैसला किया। आज, एक विंटेज कार शो का आयोजन किया गया है। एक समय में सभी कारों को एक प्लेटफॉर्म पर देखना बहुत मुश्किल है।’