प्रयागराज। महाकुंभ 2025 को लेकर तैयारियां गति पकड़ने लगी हैं। इसके तहत शहर की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में से एक एयरपोर्ट मार्ग को छह माह में बनाने का लक्ष्य कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने लोक निर्माण विभाग प्रयागराज वृत्त के अधीक्षण अभियंता को दिए हैं।
महाकुंभ के बजट से इसके लिए लगभग 37 करोड़ रुपये स्वीकृत भी हो गए हैं। इस परियोजना का टेंडर भी निकाल दिया गया है। एयरपोर्ट से महाकुंभ मेला तक बेहतरीन सड़क के लिए यह परियोजना ने शासन से स्वीकृत हुई है।
पूरी हो चुकी है जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया
सिविल एयरपोर्ट से कालिंदीपुरम तक मार्ग के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण का काम शुरू करा दिया गया है। अभी यह मार्ग कम चौड़ा है। यही नहीं इस मार्ग पर दो दर्जन से ज्यादा मोड़ हैं। कई मोड़ तो बेहद अंधे हैं जिससे वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी करनी पड़ती है। इसके अलावा अंधे मोड़ पर हादसे की आशंका भी बनी रहती थी। अब यह सड़क सीधी बनेगी। इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है।

थर्मोप्लास्टिक पेंट से रोड मार्किंग को सवा दो करोड़
जिले की 16 सड़कों को थर्मोप्लास्टिक पेंट से रोड मार्किंग के लिए महाकुंभ के बजट से लगभग दो करोड़ 20 लाख रुपये शासन से मंजूर हुए हैं। एसएमके रोड से लूतरखौर लक्ष्मण का पूरा मार्ग के लिए 27.70 लाख, कोहड़ार घाट खीरी मार्ग पर 13.90 लाख, देवघाट-ड्रमंडगंज मार्ग पर 38.47, नैनी में अशोक टाकीज से पेपर मिल मार्ग व जेएएन मार्ग-एडीए कालोनी होते हुए अरैल मार्ग पर 8.27 लाख, छिंवकी रेलवे स्टेशन से करमा-कौंधियारा मार्ग पर 12.95 लाख।
जेएएन मार्ग से चक इमाम अली मार्ग, सादियाबाद-बड़ा बघाड़ा मार्ग तथा बक्शी मार्ग आंतरिक मार्ग एवं बैंक रोड पर 8.91 लाख, सीएसपी सिंह पर 13.92 लाख रुपये थर्मोप्लास्टिक पेंट से रोड मार्किंग के लिए खर्च किए जाएंगे। एमजी मार्ग पर 8.84 लाख, कस्तूरबा गांधी व मदन मोहन मालवीय रोड पर 10.55 लाख, कमला नेहरू व सरोजनी नायडू मार्ग पर 9.95 लाख।
थार्नहिल व ड्रमंड मार्ग पर 10.33 लाख, लाउदर रोड व कमला नेहरू मार्ग से चौक वाया जानसेगंज मार्ग पर 8.13 लाख, इलाहाबाद लिंक मार्ग पर 13.39 लाख, जीरो रोड-चकिया-राजरूपपुर मार्ग व साहित्य सम्मेलन मार्ग पर 8.39 लाख, जीटी सिटी मार्ग पर 18.59 लाख व कई आरओबी पर सात लाख रुपये से रोड मार्किंग होगी।









