बिहार कैडर की एक महिला आईएएस अधिकारी हरजोत कौर का बयान सुर्खियों में है. सुर्खियों में इसलिए क्योंकि सैनिटरी पैड और शौचालय को लेकर राजधानी पटना की छात्राओं के सवाल पर उनके जवाब अटपटे थे. बात मतदान से लेकर पाकिस्तान तक की होने लगी.
ऐसे में लोगों की दिलचस्पी इस बात में है कि आखिर महिला एवं बाल विकास निगम की मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर कार्यरत आईएएस हरजोत कौर बम्हरा कौन हैं?
क्या है पूरा मामला?
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को महिला एवं बाल विकास निगम और यूनिसेफ के साथ ही ‘सेव द चिल्ड्रेन’ और ‘प्लैन इंटरनेशनल’ नामक संस्था के सहयोग से “सशक्त बेटी, समृद्ध बिहार: टुवर्ड्स इन्हैन्सिंग द वैल्यू ऑफ़ गर्ल चाइल्ड” विषय पर राज्य स्तरीय वर्कशॉप का आयोजन किया गया था.
इस वर्कशॉप में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाली छात्राओं को भी आमंत्रित किया गया था.








