कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी. नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है.
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष का नामांकन करने से पहले ही वह सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे. वहीं खबर यह भी है कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में आलाकमान पर भरोसा जताते हुए मुख्यमंत्री चुनने का अधिकार सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास करके नए कांग्रेस अध्यक्ष को दे दिया जाएगा. हालांकि कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट करके कहा कि सोनिया गांधी ने मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन को ऑब्ज़र्वर नियुक्त किया है. साथ ही उन्होंने कहा कि आज (रविवार) शाम 7 बजे जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए सीएम के चयन को लेकर फीडबैक लिया जाएगा.











