पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को सीने में दर्द की शिकायत, एम्स में भर्ती.
जानकारी के अनुसार पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने सीने में दर्द की शिकायत की जिसके बाद उन्हें रात करीब 8.45 बजे एम्स लाया गया है। यहां एम्स में उन्हें कार्डियक सेंटर में भर्ती कराया गया है। एम्स के कार्डियोलॉजी के डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।
हो चुकी है बाइपास सर्जरी
बता दें कि 2009 में उनकी एम्स में ही कोरोनरी बाइपास सर्जरी हुई थी। दो बार देश के प्रधानमंत्री रह चुके डॉ. मनमोहन सिंह इस समय राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 के बीच देश के प्रधानमंत्री थे।
सूत्रों ने बताया कि 87 वर्षीय सिंह को एम्स के कार्डियो-थोरैसिक (हृदय और सीने से संबंधित) वार्ड में निगरानी में रखा गया है। उन्होंने बताया कि सिंह को रात करीब पौने नौ बजे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कार्डियोलॉजी के प्रोफेसर डॉक्टर नीतीश नायक की निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों ने बताया, ‘‘उन्हें निगरानी में रखा गया है।’’