कौशाम्बी.कड़ाधाम थाना क्षेत्र प्रतिबंधित क्षेत्र में बह रही गंगा नदी में बेखौफ शिकारी मछली और कछुओं का शिकार कर रहे है। इस मामले में पुलिस की संलिप्तता भी बताई जा रही है। यही नहीं विभागीय अफसरों की मिलीभगत भी सामने आ रही है। यहां से शिकारी मछली और कछुओं की सप्लाई पास पड़ोस के जनपदों में भी की जा रही है।
गंगा नदी में जहां मछली और कछुओं के शिकार पर प्रतिबंध है। वहीं शक्तिपीठ कड़ाधाम धार्मिक स्थल होने के नाते यहां गंगा किनारे मछली और कछुओं का शिकार करना अपराध की श्रेणी में रखा गया है। लेकिन शिकारी इतने बेखौफ हैं कि वह प्रत्येक दिन धड़ल्ले से शिकार करते है। इस संबंध में जब हकीकत जानी गई तो हनुमान घाट पर कुछ शिकारी गंगा नदी में जाल डाल रहे थे। वहीं कुछ लोग जाल लेकर गंगा नदी में उतरे थे। शिकारियों का यह कोई एक दिन का काम नहीं है बल्कि शिकारी रोजाना ही प्रतिबंधित क्षेत्र में शिकार करके मछली को बाजार में सप्लाई करते है। मछली के साथ कछुआ भी सुरक्षित नहीं है।