महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों पर इस साल चुनाव होने हैं। प्रदेश के तीनों गठबंधन दल चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। महायुति और महाविकास अघाडी के बीच कांटें का मुकाबला देखने को मिला। भाजपा, एकनाथ शिंदे और अजीत पवार के गठबंधन वाली महायुति की सरकार इस समय महाराष्ट्र में है। दूसरी ओर कांग्रेस, शिवसेना, शरद पवार के गठबंधन वाला महाविकास अघाड़ी विपक्ष की भूमिका निभा रहा है और इस बार अपनी प्रदेश में अपनी सरकार बनाने का दावा कर रहा है।
इस बीच दोनों गुटों में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर भी घमासान चल रहा है, क्योंकि दोनों गुटों में शामिल दलों के प्रमुख चेहरे मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। इस समय एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री हैं। वहीं जब भी दोनों गुटों में शामिल राजनीतिक दलों के नेताओं से मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर बात की जाती है तो वे अपने-अपने नेता को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताने लगते हैं, जबकि सियासी गलियारों में एक चर्चा यह भी है कि विदर्भ की 62 सीटें मुख्यमंत्री का फैसला करेंगी। जो गुट या दल विदर्भ को जीतेगा, उसी के नाम महाराष्ट्र का किला होगा।