हरियाणा के बाद महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की चर्चा जोरों पर है। बीते दिन चुनाव आयोग ने 13 और 20 नवंबर को महाराष्ट्र में चुनाव करवाने का ऐलान किया है। आज चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक के दौरान पूर्व सीएम नायब सिंह सैनी को एक बार फिर से मुख्यमंत्री चुना गया है। इसी कड़ी में महायुति के सीएम चेहरे पर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। खबरों की मानें तो महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने महायुति के मुख्यमंत्री चेहरे की तरफ इशारा कर दिया है।
कौन बनेगा मुख्यमंत्री?
दरअसल महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 से पहले बीजेपी के नेतृत्व वाली महायुति ने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश किया है। इस दौरान सभी के मन में सिर्फ एक सवाल था कि आने वाले चुनाव में महाराष्ट्र का सीएम चेहरा कौन बनेगा? देवेंद्र फडणवीस ने बिना नाम लिए इस सवाल से पर्दा उठा दिया है। देवेंद्र फडणवीस का इशारा शिव सेना नेता एकनाथ शिंदे की तरफ था। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री यहीं बैठे हैं।
शरद पवार को दी चुनौती
देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि MVA (महाविकास अघाड़ी) ने अभी तक सीएम के चेहरे का ऐलान नहीं किया है। हालांकि हमें मुख्यमंत्री कैंडिडेट की घोषणा करने की कोई जरूरत नहीं है, वो हमारे बीच में बैठे हैं। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि MVA इसलिए सीएम के चेहरे का नाम सामने नहीं ला रहा है, क्योंकि वो चुनावी नतीजों के बाद ही सीएम पर चर्चा करेंगे। मैं पवार साहब (शरद पवार) को चुनौती देता हूं कि वो भी अपने मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान करें।