गुजरात के सूरत में बुधवार 29 नवंबर को केमिकल फैक्ट्री के स्टोरेज टैंक में ब्लास्ट होने से आग लग गई थी। इसमें मरने वालों की संख्या अब तक 7 हो गई है। हादसे के बाद करीब 7 से 8 लोग लापता थे। करीब 24 घंटे बाद घटनास्थल से 7 कंकाल मिले। इसके बाद ही प्रशासन ने 7 लोगों की मौत की पुष्टि की। सभी की जलने से मौत हुई।
ब्लास्ट में 20 लोग घायल हैं, जिनमें 8 की हालत नाजुक है। सूरत के फॉयर ब्रिगेड अधिकारी बसंत पारीक के मुताबिक, सचिन इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित फैक्ट्री में देर रात करीब दो बजे एक बड़े टैंक में रखे केमिकल में रिसाव हुआ। इसके चलते विस्फोट के बाद आग लग गई। आग ने फैक्ट्री की पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। करीब 9 घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
