आरोपी बेटे और बहु पहले से पूरी तैयारी के साथ खेत में गए थे. उन्होंने पहले ही योजना बना ली थी कि मां की हत्या कर इस विवाद को खत्म कर देंगे. इसलिए घर से मां को पूजन के लिए निकलते ही पीछे पीछे चाकू लेकर आ गए.
उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक कलयुगी बेटे ने संपत्ति के विवाद में अपनी मां की चाकू घोंप कर हत्या कर दी. वारदात के वक्त मृतका पितृ पक्ष की अमावस्या के अवसर पर पितरों को तर्पण कर रही थी. आरोपी ने यह वारदात अपनी पत्नी के साथ मिलकर अंजाम दिया है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं वारदात में सहयोग करने के आरोप में आरोपी की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. इस दौरान मौका देखकर आरोपी बेटा भागने में सफल हो गया. पुलिस उसकी तलाश में हर संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही है. यह मामला सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव कमालपुर का है.











