*कोरोना योद्धाओं से ग्रामीणों ने की बदसलूकी*
*कोरोना की जांच करने पर जान से मारने की धमकी एक नामजद सहित 8 के खिलाफ केस*
*करारी कौशांबी* करारी थाना क्षेत्र के अगियौना गांव में कोरोना योद्धाओं के साथ ग्रामीणों ने बदसलूकी की। गांव में कोरोना जांच का कैंप लगाने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने मामले की जानकारी अफसरों को दी।
इसके बाद सभी लोग जान बचाकर गांव से चले आए। आरोप है कि एक दबंग तो बाइक से अपने साथियों के साथ स्वाथ्यकर्मियों की गाड़ी के पीछे-पीछे गाली-गलौज करते काफी दूर तक गया स्वास्थ्यकर्मियों ने करारी थाना में घटना की जानकारी दी। कोरोना योद्धाओं से बदसलूकी व जान से मारने की धमकी मिलते ही हड़कंप मच गया।
मंझनपुर एसडीएम राजेश चंद्रा व अपर सीएमओ व करारी थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। घटना के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली। इसके बाद मौके से मुख्य आरोपी मास्टर नाई को पुलिस गिरफ्तार करके थाना ले गई। करारी थाने में आरोपी मास्टर नाई सहित 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस दबंगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। ऐसे में आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पीएचसी मंझनपुर के डॉक्टर अरुण केसरवानी व उनकी टीम कोरोना जांच के लिए गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर सिंह ने बताया कि करारी थाना क्षेत्र के अगियौना गांव में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ ग्रामीणों ने बदसलूकी की थी। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।











